भोपाल। बजरिया इलाके में रहने वाली नवविवाहिता के साथ उसके ससुर ने ज्यादती की। पीड़िता ने जब यह बात अपने पति और सास को बताई तो उन्होंने बदनामी के डर से उसे चुप रहने की सलाह दी। वह अन्य किसी को शिकायत नहीं कर पाए, इसलिए ससुराल वाले उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। परेशान होकर विवाहिता मायके जाकर रहने लगी। इस बीच पति ने जब उसे फोन पर गालियां देते हुए खुदकुशी करने के लिए कहा तो उसने फांसी ली। केस डायरी भोपाल आने के बाद पुलिस ने पति और सास-ससुर के खिलाफ दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक नरसिंहपुर की रहने वाली 20 वर्षीय युवती की शादी जून 2018 में बजरिया में रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के बाद नवविवाहिता ससुराल में आकर रहने लगी। जून में ही एक दिन मौका पाकर ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने इसकी जानकारी पति को दी तो उसने उसे चुप करवा दिया। इसके बाद उसने सास से शिकायत की तो उन्होंने भी बदनामी का भय दिखाते हुए चुप रहने की सलाह दी। इतना ही नहीं वह किसी अन्य को इसकी शिकायत न करे, इसलिए तीनों उसे प्रताड़ित करने लगे। इससे तंग आकर नवंबर में वह मायके नरसिंहगढ़ चली गई। पिछले दिनों पति ने उसे फोन किया। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। पति ने धमकी देते हुए उससे कहा ससुराल आने से अच्छा है कि खुदकुशी कर ले। पति की बात सुनने के बाद उसने फांसी लगा ली थी।
जांच के बाद केस डायरी भेजी गई बजरिया
महिला की मौत के बाद मामले की जांच गोटेगांव नरसिंहपुर एसडीओपी से कराई गई थी। जांच में पता चला कि नवविवाहिता के साथ उसके ससुर ने दुष्कर्म किया था और जब उसने शिकायत की तो पति और सास ने उसे चुप रहने को बोला। उसे प्रताड़ित किया। घटना भोपाल के बजरिया इलाके में हुई, इसलिए केस डायरी भोपाल भेजी गई। डायरी मिलने के बाद बजरिया पुलिस ने आरोपी ससुर के खिलाफ दुष्कर्म और पति तथा सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।