ग्वालियर। स्वामी विवेकानंद ने देश ही नहीं पूरी दुनिया में भारतीय आध्यात्म का झंडा बुलंद किया। स्वामी विवेकानंद द्वारा बताए हुए मार्ग पर चलते हुए बच्चों को अपने जीवन में आगे बढ़ने की महती आवश्यकता है। बच्चे सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इससे शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है और मस्तिष्क का विकास भी होता है। यह विचार विधायक मुन्नालाल गोयल ने स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर आयोजित ‘युवा दिवस’ कार्यक्रम में व्यक्त किए। गोयल ने कहा कि उत्कृष्ट विद्यालय मुरार में ही मैंने भी शिक्षा ग्रहण की थी। इसलिए इस विद्यालय से मेरा आत्मीय जुड़ाव है। विद्यालय के विकास में उनकी ओर से हरसंभव सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर कलेक्टर भरत यादव ने कहा कि व्यक्तित्व के सम्पूर्ण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल व योग जैसी गतिविधियां भी जरूरी हैं। बच्चे पढ़ाई के साथ हर दिन एक घंटा खेल, योग व सूर्य नमस्कार जैसी गतिविधियों के लिए जरूर निकालें। इससे सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण होता है। यादव ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेकर जीवन पथ पर आगे बढ़ने का आव्हान किया। एसपी नवनीत भसीन ने कहा कि स्वस्थ रहकर ही आगे बढ़ा जा सकता है। इसलिए उत्कृष्ट विद्यार्थी बनने के लिए अपने शरीर को स्वस्थ रखें। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम बेहतर उपाय है।
कांग्रेस आईटी सेल ने किया माल्यार्पण
स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर कांग्रेस आईटी व सोशल मीडिया सेल के नेतृत्व में थाटीपुर चौराहे पर स्थित स्वामीजी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर आईटी सेल के जिलाध्यक्ष तरुण यादव ने सभी को स्वामी विवेकानंद के बताए आदर्शों व सिद्धांतों पर चलकर देश को उन्नति की चरम सीमा तक पहुंचाने की शपथ दिलाई। इस मौके पर सत्यभान सिंह, आईटी सेल प्रदेश सचिव मयंक महाजन, कुलदीप यादव, अश्विन अगरिया, कमल सिंह कुशवाह, आदित्य सेंगर, नरेंद्र सिंह, मोहम्मद आबिद, तोहिद अहमद आदि मौजूद थे।
20 स्कूलों में बच्चों को कराया योग
स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में शिक्षा एवं सशक्तिकरण समिति के सदस्यों ने शहर के विभिन्न स्कूलों में पहुंचेर बच्चों को योग कराया। संस्था के सदस्य सुनील कुमार राठौर ने बताया कि 20 योगा टीचर्स ने बच्चों को योग का महत्व बताया और उन्हें योग कराया। शासकीय हाई स्कूल पीएचई कॉलोनी हजीरा में माला बाथम ने 129 बच्चों को योग कराया, शासकीय माध्यमिक स्कूल काल्पी ब्रज कॉलोनी मुरार में हरेन्द्र राठौर ने 110 बच्चों को योग कराया, देवेंन्द्र दुबे ने घोषी पुरा ग्वालियर .शासकीय माध्यमिक स्कूल में, 80 बच्चों को, भूपेन्द्र माहौर ने 120 बच्चों को, नवीन गौड़ ने 70 बच्चों को, नीरज गौड़ ने 30 के साथ ही निक्की सोलंगी, मोहिनी जाटव, देवेन्द्र कुशवाह, राजेश राठौर, तरूण जाटव, सोनम एसवार, बिजेन्द्र राठौर, भूपेन्द्र हरदेनिया, अनामिशरण कुशवाह, रेखा बाथम एवं तानिया सिकरवार ने स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को योग कराया।