भोपाल । लोहड़ी उत्सव परंपरानुसार शनिवार को मनाया गया। भांगड़ा और गिद्दा नृत्य पर युवक-युवतियां खूब थिरके। भोपाल पंजाबी समाज ने नर्मदा क्लब में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में जनसपंर्क मंत्री पीसी शर्मा व पूर्व मंत्री विश्वास सारंग मौजूद थे। भोपाल पंजाबी समाज के अध्यक्ष ओपी कपूर ने बताया कि महिला विंग एवं बच्चों ने पंजाबी भांगड़ा, गिद्दा, रंगारंग पंजाबी लोकगीत प्रस्तुत किए। भांगड़ा, नृत्य कर रेबड़ी, तिल, गुड़, मक्के की फुली प्रसाद में बांटी। समाज के नव विवाहित जोड़ों का मंच पर सम्मान किया गया। बच्चों के झूले व खान-पान के स्टॉल लगाए, जहां लोगों ने खान-पान का लुत्फ उठाया। कपूर ने बताया कि लोहड़ी पर्व पर लोहड़ी जलाकर पूजा की जाती है। ये पंजाब का प्रसिद्ध त्योहार है। फसलों को काटकर नई फसल बोते हैं। कार्यक्रम के चेयरमैन प्रदीप सूरी एवं को-चेयरमैन सचिन सहगल मौजूद रहे। हालांकि, लोहड़ी पर्व 13 जनवरी को एक साथ कई स्थानों पर धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।888मकर संक्रांति पर 15 को पवित्र नदियों में स्नानभोपाल। मकर संक्रांति पर्व पर 15 जनवरी को लोग पवित्र नदियों में स्नान कर तिल,गुड़, खिचड़ी व वस्त्र दान करेंगे। देव दर्शन के लिए मंदिरों में भीड़ रहेगी। सोमवारा में पतंग उत्सव मनेगा। धार्मिक संगठनों द्वारा बच्चों को पतंगों वितरण होगा। ओम शिव शक्ति सेवा मंडल द्वारा इंद्रपुरी में महादेव मंदिर में शिव अभिषेक के बाद भंडारा होगा। महाराष्ट्र समाज के परिवारों में मकर संक्रांति पर मिट्टी के पांच छोटे घड़ों में सब्जी, फल, तिल के लड्डू, कपास की पूजा होगी। समाजसेवी नितिन अवसरकर ने बताया कि सुहागिनों को तिल-गुड़ दान किया जाएगा। नई दुल्हन वाले परिवारों में तिल-गुड़ से बने जेवर दिए जाएंगे। भोजपुरी एकता मंच जरूरतमंदों को कंबल बांटेगा। कई संगठन वृद्धाश्रमों में तिल के लड्डू वितरित करेंगे। कोलार रोड स्थित मंदाकिनी ग्राउंड में 14 जनवरी को आलोकिक सेवा समिति द्वारा पतंग महोत्सव होगा। विजेताओं को विधायक ट्राफी के साथ 11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।