बेंगलुरु। कर्नाटक में विधायकों को रिजॉर्ट ले जाने के बाद भी कांग्रेस को राहत मिलती नहीं दिख रही है। रविवार को रिजॉर्ट में ही कांग्रेस के दो विधायक आनंद सिंह और जेएन गणेश आपस में भिड़ गए। यह झगड़ा इतना खतरनाक हो गया कि सिर में चोट लगने के चलते आनंद सिंह को बेंगलुरु के एक हॉस्पिटल में भर्ती करना पड़ा है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, गणेश ने आनंद सिंह के सिर पर बोतल दे मारी जिससे वह घायल हो गए। बताते चलें कि कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बीजेपी कर्नाटक में विधायकों की खरीदफरोख्त् ा की कोशिश कर रही है। इसी के बाद कांग्रेस ने अपने कुछ विधायकों को एक रिजॉर्ट में ठहराया। ये विधायक शनिवार को देर रात तक पार्टी कर रहे थे, उसी दौरान इन दोनों विधायकों में झगड़ा हुआ। सूत्रों के मुताबिक, जेएन गणेश कांग्रेस से नाराज चल रहे एक और विधायक के संपर्क में थे और बीजेपी के साथ जाने की तैयारी में थे।