ग्वालियर। एक भाजपा नेता के भाई का शव नदी किनारे पड़ा मिला है। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान के साथ ही पेट में चाकू मारे जाने का निशान मिला है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। घटना देहात के बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के पलायझा स्थित पार्वती नदी के किनारे सोमवार सुबह की है। घटना का पता चलते ही एसपी नवनीत भसीन तथा पुलिस अफसरों के साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बेलगढ़ा थाना प्रभारी अशोक सिंह कुशवाह ने बताया कि खेड़ा निवासी छत्रपाल सिंह रावत (35) पुत्र देवेन्द्र रावत पेशे से बस कंडक्टर था। वह शीतला बस सर्विस पर काम करता था। रविवार की सुबह भी वह अपनी ड्यूटी पर गया था, उसके बाद वह वापस नहीं आया। सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव पलायझा स्थित पार्वती नदी के किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे और उसकी एक आंख काली पड़ी थी। जब पुलिस ने शव को पलटा तो उसकी कमर के पास चाकू मारे जाने का निशान मिला। मृतक की पहचान छत्रपाल के रूप में हुई। घटना का पता चलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। वहीं घटना का पता चलते ही एसपी नवनीत भसीन, एएसपी सुरेन्द्र सिंह गौर तथा अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए।