ग्वालियर। प्रदेश के खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि विकास कार्यों में सभी का सहयोग आवश्यक है। सरकार के साथ आमजन भी विकास कार्यों में भागीदार बनें। तोमर रविवार को आनंदनगर उद्यान विकास समिति द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में बोल रहे थे। मंत्री तोमर ने कहा कि आनंदनगर क्षेत्र में नगर निगम ने बड़ा पार्क विकसित किया है। इसकी देखरेख और साफ-सुथरा रखने की जवाबदारी नगर निगम के साथ यहां के निवासियों की भी है। उन्होंने कहा, खुशी की बात है कि यहां के निवासियों ने उद्यान के विकास के लिए समिति गठित की है। यह समिति अपने प्रयासों से उद्यान के साथ क्षेत्र के विकास में भी सक्रिय भागीदारी करे। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री तोमर का पुष्पाहार से स्वागत किया। तोमर ने स्वागत समारोह में स्वयं का स्वागत न कराकर उपस्थित वृद्धजनों का पुष्पाहार पहनाकर स्वागत किया।